बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक नया मामला सामने आया है। शुभम विहार मंगला निवासी युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि टेलीग्राम ऐप के जरिए 1 लाख 38 हजार रूपए की धोखाधड़ी की गई है।
प्रार्थिया ने अपनी शिकायत में बताया कि 9 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे मोबाईल पर टेलीग्राम ऐप के मध्यम से राहुल नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया। उसने दावा किया कि ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के तहत होटल और रेस्टोरेंट के रिव्यू लिखने पर प्रति रिव्यू 150 रूपए मिलेंगे। शुरूआती चार रिव्यू करने पर युवती को भुगतान का आश्वासन दिया गया। इसके बाद उसे बताया गया कि आगे कमाई करने के लिए निवेश करना आवश्यक होगा। राहुल और उसके साथियों ने अर्चना तथा रोहन ने महिला को निवेश करने क्रे लिए उकसाया। प्रार्थिया ने कुल 1 लाख 40 हजार का निवेश किया। इसमें से केवल 2 हजार रूपए वापस मिले। जबकि शेष 1.38 लाख नहीं लौटाए गए। जब युवती ने रकम वापसी की मांग की तो आरोपियों ने शर्त रखी कि जब तक टारगेट पूरा नहीं होगा पैसे वापस नहीं मिलेंगे। इस पर पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ। पीड़िता ने साइबर ठगी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। सिविल लाइन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राहुल, अर्चना और रोहन के खिलाफ धारा 3(5) और 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।







