Home » टाटा मोटर्स का बड़ा फैसलाः 1 अप्रैल से महंगी होगी आपकी पसंदीदा गाड़ियां, जानें कितनी होगी बढ़ोत्तरी
व्यापार

टाटा मोटर्स का बड़ा फैसलाः 1 अप्रैल से महंगी होगी आपकी पसंदीदा गाड़ियां, जानें कितनी होगी बढ़ोत्तरी

टाटा मोटर्स के शौकीनों के लिए एक जरूरी खबर है। अगर आप टाटा की कोई नई कार या कमर्शियल गाड़ी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपको थोड़ा जल्दी करनी पड़ सकती है। कंपनी ने अपने पैसेंजर और कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी करने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह नई दरें 1 अप्रैल, 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएंगी।

कीमतों में कितनी होगी बढ़ोतरी?

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह बढ़ोतरी अलग-अलग श्रेणियों में अलग-अलग होगीः

पैसेंजर व्हीकल (आईसीई)ः पेट्रोल और डीजल से चलने वाली कारों (जैसे नेक्सन, टियागो, सफारी) की कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत का इजाफा होगा। ध्यान रहे कि यह बढ़ोतरी मॉडल और उसके वेरिएंट के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।

कमर्शियल व्हीकलः ट्रक और बसों जैसे कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाएगी।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

ऑटोमोबाइल सेक्टर में कच्चे माल (रॉ मैटेरियल) जैसे स्टील और अन्य जरूरी कंपोनेंट्स की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। टाटा मोटर्स का कहना है कि वे काफी समय से उत्पादन लागत ) में हो रही इस बढ़ोतरी का बोझ खुद उठा रहे थे, लेकिन अब कारोबार को संतुलित रखने के लिए इन खर्चों का कुछ भार ग्राहकों के साथ साझा करना उनकी मजबूरी बन गया है।

बाजार पर क्या होगा असर?

हालांकि कीमतें बढ़ रही हैं, लेकिन बाजार के जानकारों का मानना है कि 0.5 प्रतिशत की यह मामूली बढ़ोतरी ग्राहकों के इरादे को बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं करेगी। टाटा मोटर्स ने पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा और आधुनिक डिजाइन के दम पर बाजार में अपनी एक मजबूत पकड़ बनाई है। गौर करने वाली बात यह है कि फिलहाल यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से पारंपरिक इंजन (आईसीई) वाली गाड़ियों पर केंद्रित है।

Search

Archives