कहलगांव (भागलपुर)। भागलपुर जिले से एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है। रसलपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की दूसरी शादी उसकी पहली पत्नी के आने से रुक गई। मनोज पंडित ने अपनी पहली पत्नी सेखा देवी के बारे में छिपाकर दूसरी शादी की कोशिश की थी, लेकिन जब पहली पत्नी ने लड़की के घर पहुंचकर जानकारी दी तो शादी रोक दी गई।
बताया जा रहा है कि रसलपुर थाना क्षेत्र के एकचारी पश्चिम टोला में पीरपैंती बाराहाट निवासी मनोज पंडित अपनी दूसरी शादी रचाने के लिए पूरे बराती और रिश्तेदारों के साथ पहुंचे वाले थे। दूसरी शादी की सूचना मिलते ही पहली पत्नी सेखा देवी अपनी मां के साथ लड़की के घर पहुंचकर जानकारी दी। मनोज पंडित की शादी पहले ही झारखंड के मेहरमा की रहने वाली सेखा देवी के साथ हुई थी। लेकिन दोनों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में लंबित है।
10 अप्रैल को आने वाली थी बरात
मनोज पंडित पिता बासुकी पंडित पहली शादी की बात छिपाकर दूसरी रचाने वाले थे। बरात 10 अप्रैल को आने वाला था। लड़की के परिवार वाले और रिश्तेदारों ने बरात के स्वागत के लिए पूरी तैयारी कर रखी थी। टेंट, पंडाल व साउंड सिस्टम भी लगा दिया गया था। वैवाहिक कार्यक्रम शुरू था। लड़की को हल्दी और मेहंदी लगाई जा रही थी। उसी वक्त मनोज की पहली पत्नी सेखा देवी आ गई। उसके बाद हंगामा खड़ा हो गया। लड़की वालों को मनोज की पहली शादी के बारे में पता लगा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद लड़की वालों ने लड़के वालों को इस बात की जानकारी दी। शादी रद्द कर दी गई है। शादी के लिए बरात नहीं आई। हालांकि इस संबंध में रसलपुर थाना को कोई सूचना नहीं है।







