Home » मधेपुरा डीएम की कार ने चार को रौंदा, मां-बेटी की मौत, वाहन से कई सामान बरामद
बिहार

मधेपुरा डीएम की कार ने चार को रौंदा, मां-बेटी की मौत, वाहन से कई सामान बरामद

मधुबनी। एनएच 57 पर फुलपरास थाना क्षेत्र में दरभंगा से मधेपुरा की ओर जा रही डीएम की कार ने फुलपरास पुरवारी टोला के पास एक महिला और उसकी बच्ची को कुचल दिया। इसके बाद एनएच के किनारे काम कर रहे दो मजदूरों को भी कुचल दिया। गाड़ी छोड़कर डीएम का चालक फरार हो गया। गाड़ी रेलिंग से टकरा गई है।

घटना करीब सुबह 8.30 बजे एनएच 57 पर फुलपरास थाना क्षेत्र में हुई है। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ जुटने से पहले डीएम और उनके चालक घटना स्थल से फरार हो गए। गाड़ी फिलहाल वहीं खड़ी है। बता दें कि मधेपुरा के डीएम वर्तमान में विजय प्रकाश मीणा हैं। डीएम विजय प्रकाश मीणा की मधेपुरा में डीएम के तौर पर पहली पोस्टिंग है। राजस्थान के रहने वाले हैं। मृतका का नाम गुड़िया देवी (28) पति रंजीत साह और उसकी बच्ची 7 साल की है। दोनों घायल मजदूर को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया है।

दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल

दो मजदूरों की स्थिति नाजुक है। मजदूर अशोक सिंह (60) की हालत गंभीर है। राजू सिंह भी गंभीर है। दोनों जयपुर, राजस्थान के रहने वाले हैं। इन्हें डीएमसीएच भेजा गया है। डीएम की गाड़ी में तीन बैग भी मिले हैं। अगली दोनों सीट यानी चालक और बॉडीगार्ड का एयरबैग खुला था। एक रजिस्टर और पुलिस की टोपी भी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया वहां क्या हुआ

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डीएम की गाड़ी में डीएम, चालक, एक बॉडीगार्ड और एक लड़की थी। घटना के बाद कोई बाइक वहां आई और उन्हें लेकर चली गई। मौके पर ही दोनों मां-बच्ची की मौत हो गई थी। करीब 8 बजे सुबह यह घटना हुई। लोगों का कहना है कि डीएम की गाड़ी ने पहले डिवाइडर की ओर सड़क पर रंगाई का काम कर रहे मजदूरों को चपेट में लिया, उसके बाद सड़क किनारे रेलिंग की ओर गाड़ी ने महिला और उसकी बच्ची को चपेट में ले लिया। मधेपुरा डीएम की गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। लोगों ने गाड़ी को घेर रखा है। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मधुबनी पुलिस ने बताया दुर्घटना का कारण

मधुबनी पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा कि आज फुलपरास थाना अन्तर्गत एनएच- 57 पर एनएचएआई के कर्मी को बचाने के क्रम में मधेपुरा डीएम का वाहन डिवाईडर से टकरा गया। जिससे 02 लोगो की मृत्यु हो गई एवं 02 व्यक्ति जख्मी हो गए। जख्मी व्यक्ति का ईलाज अस्पताल में चल रहा है। स्थिति नियंत्रण में है, विधि-व्यवस्था की कोई समस्या नही है।

Search