मुजफ्फरपुर। माइक्रो फाइनेंस कंपनी से 38 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। अहियापुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। कंपनी के कर्मी ने थाने इस मामले में सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बदमाशों को पकड़ने के लिए आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है।
यह घटना बुधवार देर रात करीब साढे बारह से एक बजे के बीच की बताई जा रही है। सूृचना के बाद अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहु़ंचकर जांच में जुट गई है। बताया गया कि देर रात कार्यालय में छह कर्मी थे। वह पैसे का मिलान कर रहे थे। इसी क्रम में हथियार से लैस दो बदमाश आए और सभी कर्मियों को कब्जे में लेकर लूटपाट की। विरोध करने पर कर्मियों के साथ मारपीट भी की। घटना के काफी देर बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि देर रात घटना हुई है। 38 लाख रुपये लूट की बात बताई जा रही है। आसपास में लगे सीसीटीटी कैमरे को खंगाला जा रहा है।
आरा के एक बैंक में लूट की घटना
बता दें कि एक दिन पहले आरा में इसी तरह की वारदात हुई है। आर में नवादा थाना क्षेत्र के कतीरा मोड़-सर्किट हाउस रोड स्थित एक्सिस बैंक में बुधवार को बदमाशों ने महज चार मिनट में 16 लाख रुपये पार कर दिए। लूटपाट करने वाले अपराधियों के आरा बाइपास ( आरा-पटना हाइवे ) के रास्ते भागने की संभावना जताई गई। पांचों अपराधी दो अलग-अलग बाइक से थे। चर्चा है कि लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी कतीरा, स्टेशन एवं बस स्टैंड के रास्ते धरहरा होते बाइपास के रास्ते भागे। हालांकि, पुलिस रास्तों में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाल रही है। जिससे की अपराधियों के भागने के लिंक के बारे में पता चल सके। अब इसके लिए पुलिस टावर डंप के साथ-साथ तकनीकी सूत्र की भी मदद ले रही है।







