ओडिशा से नेपाल भागने की फिराक में था जालसाज
भुवनेश्वर । ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में पूर्व लोकसभा सांसद का बेटा बताकर करीब 250 कारोबारियों से लगभग तीन करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में इन्फोसिटी थाना पुलिस ने फरार आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे दार्जिलिंग जिले के खारीबारी थाना क्षेत्र से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरगढ़ जिले के सच्चिदानंद भोई (51) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, उसने वर्ष 2025 में पटिया क्षेत्र में एक कंपनी खोलकर घर-घर कार मरम्मत सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर फ्रेंचाइजी देने की योजना शुरू की थी। उसने निवेशकों को भारी मुनाफे का झांसा दिया और खुद को पूर्व सांसद कृपासिंधु भोई का पुत्र बताकर उनका विश्वास जीता। आरोप है कि सच्चिदानंद भोई ने करीब 250 लोगों से फ्रेंचाइजी के नाम पर लगभग तीन करोड़ रुपये जमा करा लिए। इसके बाद कंपनी का कार्यालय अचानक बंद कर फरार हो गया। उसने कर्मचारियों के वेतन का भी गबन किया। पीड़ितों की शिकायत पर 15 अक्टूबर 2025 को इन्फोसिटी थाने में मामला दर्ज किया गया था। तब से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
जांच के दौरान उसके पश्चिम बंगाल में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने खारीबारी से उसे गिरफ्तार कर लिया। एसीपी (जोन-6) मानस रंजन प्रधान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब 250 निवेशकों से तीन करोड़ रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के सात अन्य मामले भी दर्ज हैं, जिनमें छह भुवनेश्वर और एक झारसुगुड़ा जिले में लंबित है। झारसुगुड़ा अदालत से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, ठगी की राशि और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में जांच आगे बढ़ा रही है।







