Home » लिफ्ट में फंसे बेटे को बचाने की कोशिश में पिता की मौत, ऐसे हुआ हादसा
भोपाल मध्यप्रदेश

लिफ्ट में फंसे बेटे को बचाने की कोशिश में पिता की मौत, ऐसे हुआ हादसा

मध्य प्रदेश /भोपाल। लिफ्ट में फंसे  8 साल के बेटे को बचाने की कोशिश में पिता की जान चली गई। मामला भोपाल की निरुपम रॉयल पाम कॉलोनी का है। मृतक का नाम ऋषिराज भटनागर बताया जा रहा है। उनका बेटा बिजली चले जाने से लिफ्ट में फंस गया था। उसे बचाने के लिए ऋषिराज दौड़ते हुए जनरेटर रूम की ओर पहुंचे थे। जनरेटर चालू करवाने के बाद वह भागते हुए लिफ्ट की तरफ जा रहे थे कि अचानक गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

तीसरे फ्लोर पर रहता था परिवार- ऋषिराज इंश्योरेंस और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। सोसाइटी में उनकी पहचान एक फैमिली मैन के रूप में थी। वह हमेशा सोसाइटी के मेंटेनेंस के कामों और सार्वजनिक आयोजनों की तैयारियों में आगे रहते थे। ऋषिराज की पत्नी स्कूल टीचर है। ऋषिराज निरुपम रॉयल पाम कॉलोनी के टावर नंबर एक में तीसरे फ्लोर पर फ्लैट नंबर 307 में अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते थे। ऋषिराज की मौत से सोसाइटी में मातम पसर गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात में खाना खाने के बाद ऋषिराज नीचे टहल रहे थे। उनका बेटा नीचे खेल रहा था, तो उन्होंने उसे ऊपर जाने को कहा जैसे ही देवांश ऊपर जाने के लिए लिफ्ट में घुसा, तभी अचानक बिजली चली गई। बेटे की फिक्र में ऋषिराज दौड़ते हुए जनरेटर रूम पहुंचे और जनरेटर चालू करने को कहा। इसके बाद वह दौड़ते हुए लिफ्ट की तरफ जा रहे थे। वह मुश्किल से करीब 25 से 30 कदम ही चले होंगे कि अचानक औंधे मुंह गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बिजली आई, उनका बेटा लिफ्ट से सुरक्षित बाहर आ गया, लेकिन ऋषिराज की सांसें उखड़ चुकी थीं। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत बताया। माना जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ गया था।

Search

Archives