कोरबा। अब तक आपने देखा होगा कि विद्युत मंडल का ट्रांसफार्मर जमीन से कुछ उपर लगा रहता है, लेकिन अब आपको जमीन पर ही ट्रांसफार्मर देखने को मिलेगा। ऐसा नजारा कहीं और नहीं बल्कि जिले के शिवाजी में सामने आया है। बिजली विभाग की लापरवाही से दुर्घटना की आशंका बनी हुई हैं।
वार्ड क्रमांक 22 शिवाजी नगर में जमीन पर ही 200केवी के ट्रांसफार्मर को रखकर बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इससे हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। जमीन पर रखे गए ट्रांसफार्मर से ही पूरे वार्ड में बिजली की सप्लाई की जा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी के कारण कोई भी व्यक्ति गलती से ट्रांसफार्मर के पास जा सकता है। ऐसे में दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। ट्रांसफार्मर वाले स्थान से अक्सर लोगों का आवागमन होता है। मवेशियों का भी जमावड़ा भी लगा रहता है। बच्चे भी अगल-बगल में खेलते रहते हैं। ऐसी स्थिति में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है।
जानकारी के मुताबिक एक माह पूर्व इस क्षेत्र में लगे 100 केवी के ट्रांसफार्मर को बदलकर 200 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन ट्रांसफार्मर लगाते समय सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया और ट्रांसफार्मर को जमीन पर ही रख दिया गया है। ट्रांसफार्मर के ठीक ऊपर हाई टेंशन विद्युत प्रवाहित हो रहा है, जिस जगह पर ट्रांसफार्मर रखा गया है, वह कॉलोनी के बीचो-बीच स्थित है। विभाग की इस लापरवाही से कभी भी बड़ी दुर्घटना एवं जनहानि हो सकती है।







