मुंबई। चेंबूर में एक कॉन्सर्ट के दौरान सोनू निगम के साथ धक्का-मुक्की की गई थी। भले ही उसे चोट नहीं आई थी लेकिन उसके इर्द-गिर्द खड़े लोगों को अस्पताल में दाखिल कराना पड़ गया था। इसी घटना को लेकर अब सिंगर मीका सिंह का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने घटना को बहुत दुखद और चौंकाने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि इसलिए नार्थ इंडिया में होने वाले शोज के दौरान कम से कम मैं अपने साथ 10 बॉडीगार्ड्स लेकर चलता हूं। मीका सिंह ने घटना को लेकर ट्वीट भी किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि जब मैं नार्दन-इंडिया में शोज करता हूं तो मेरे साथ कम से कम 10 बॉडीगार्ड्स होते हैं, लेकिन मुंबई में मेरे साथ कोई बॉडीगार्ड नहीं होता। मैं मानता हूं कि मुंबई सबसे सुंदर और सुरक्षित शहर है।
0 आईएसआरए ने लिया संज्ञान
घटना पर इंडियन सिंगर्स राइट्स एसोसिएशन (आईएसआरए ) ने भी संज्ञान लिया है। सीईओ संजय टंडन ने घटना को निंदनीय बताया है। पुलिस को इन बातों से अवगत कराया गया है। संजय ने आगे कहा कि सेलिब्रिटी सिंगर के साथ हर कोई अपनी फोटो लेना चाहता है, लेकिन एक तरीका होता है। उन्होंने सभी राज्यों की सरकार से अपील करते हुए सिंगर्स को उचित सुरक्षा व्यवस्था प्रदान करने की मांग की है।
0 अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं
बता दें सोनू निगम के साथ ये धक्का मुक्की की घटना चेंबूर फेस्टिवल के फिनाले के दौरान हुई। सोनू निगम परफॉर्म कर रहे थे। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार विधायक प्रकाश फटरपेकर के बेटे ने पहले तो सोनू के मैनेजर सायरा संग बदतमीजी की। बाद में जब सोनू जब स्टेज से नीचे आ रहे थे तो उसने पहले सिंगर के बॉडीगार्ड को धक्का दिया और फिर सोनू को भी धक्का मारा। डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत के मुताबिक आरोपी का नाम स्वप्निल फटरपेकर है। वो उद्धव गुट के विधायक प्रकाश फटरपेकर का बेटा है। घटना के बाद सोनू ने सोमवार देर रात पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराया जिसमें चोट पहुंचाने व गलत तरीके से रोकने की शिकायत की गई थी। इसके बाद भी आरोपी पुलिस पकड़ से दूर है।







