लॉस एंजलिसः अमेरिका के मिशीगन स्टेट विश्वविद्यालय में एक बंदूकधारी द्वारा की गई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य घायल हो गये। विश्वविद्यालय में सैकड़ों अधिकारी संदिग्ध की तलाश कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार संदिग्ध छोटे कद का अश्वेत है और उसने लाल जूते एवं जैकेट पहन रखा एवं टोपी लगा रखी थी।
कैंपस पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘ तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पांच अन्य घायल हैं जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है।” कैंपस पुलिस विभाग के अंतरिम उपप्रमुख क्रिस रोजमैन ने बताया कि अकादमिक भवन बर्के हॉल में रात साढ़े आठ बजे से पहले यह गोलीबारी शुरू हुई और बाद में हमलावर ने छात्र संघ के निकट भी गोलियां चलायीं। विद्यार्थियों को घंटे तक छिप जाने का आदेश दिया गया है। रोजमैन ने उनके अभिभावकों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।







