नई दिल्ली। खून से लथपथ एक महिला की लाश उनके कमरे से बरामद हुई है। मामला खजूरी खास थाना क्षेत्र के गली नंबर 17बी, मकान नं. 201 की है। मृतका की पहचान द्रौपदी 35 वर्ष पत्नी सुनील के रूप में हुई है, जिस कमरे में महिला की लाश मिली है उसमें चारों तरफ खून के धब्बे हैं। द्रौपदी की यह दूसरी शादी थी। मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतका की बेटी ने बताया कि उसका सौतेला पिता सुनील शनिवार से अपने कमरे का दरवाजा बंद कर गायब है।
स्थानीय पूछताछ से पता चला कि सुनील और द्रौपदी लगभग हर दिन एक-दूसरे से लड़ते थे। उन्हें आखिरी बार उनकी बेटी ने शनिवार दोपहर लगभग 12.30 बजे देखा था। मकान मालिक की मौजूदगी में बंद कमरे को खोला गया तो शव निकला। मृतका के माथे पर चोट के निशान थे और गले में चुन्नी लिपटी हुई थी। द्रौपदी की पहली शादी ज्योतिष यादव से हुई थी। उनके 4 बच्चे थे। एक लड़की द्रौपदी के साथ रहती है। बाकी 3 बच्चे बिहार के मधेपुरा में ज्योतिष यादव के साथ रहते हैं। वह पिछले सात साल से अपने दूसरे पति सुनील के साथ रह रही थी। सुनील द्वारा उनकी कोई संतान नहीं हुई।
पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि पति सुनील को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य पुरुष के साथ अवैध संबंध हैं। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद भी होता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सुनील का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। सुनील राजमिस्त्री का काम करता था और वह अभी फरार है।







