होशियारपुर। होशियारपुर जिला जेल में बंद नामी गैंगस्टर भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष चोपड़ा की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
इसी साल मध्य एशिया से करवाया था डिपोर्ट : पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से उसे मध्य एशिया के एक देश से डिपोर्ट करवाकर 12 मार्च 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ फिरोजपुर, फाजिल्का और पटियाला जिलों में नौ FIR दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी थी।
हत्या सहित नशा तस्करी के मामलों में था वांछित : पुलिस के अनुसार, वह सितंबर 2024 में फिरोजपुर में हुए तिहरे हत्याकांड और नशा तस्करी के कई मामलों में वांछित था। उस पर पाकिस्तान से पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभाने के आरोप भी थे। गैंगस्टर की मौत के बाद मामले में पोस्टमार्टम और न्यायिक जांच के जरिए मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।







