Home » पति पार्किंग में गया, नवविवाहिता दूसरे के साथ बाइक पर बैठकर हुई गायब
मध्यप्रदेश

पति पार्किंग में गया, नवविवाहिता दूसरे के साथ बाइक पर बैठकर हुई गायब

20 दिन बाद लौटी तो बताई नई कहानी

ग्वालियर। ग्वालियर के फूलबाग स्थित चिड़ियाघर के बाहर से रहस्यमय तरीके से लापता हुई 18 वर्षीय सुहाना रजक 20 दिन बाद वापस लौट आई है। छह अक्टूबर को हुई इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि पति के महज 26 सेकंड के लिए दूर जाते ही सुहाना गायब हो गई थी। बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वह दौड़कर एक दूसरी बाइक पर बैठती दिखाई दी थी। अब लौटने के बाद सुहाना ने पुलिस को जो कहानी बताई है, उससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।

सुहाना का दावा है कि वह किसी के साथ भागी नहीं थी, बल्कि उसने एक बाइक सवार से लिफ्ट ली थी। उसके मुताबिक, बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़कर चला गया। इसके बाद रास्ता भटकने पर वह एक झोंपड़ी में रहने लगी। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में वह अपने गायब होने की परिस्थितियों से जुड़े कई सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी। फिलहाल वह पति के साथ जाने को तैयार नहीं है और किसी प्रेमी के साथ जाने की बात भी स्वीकार नहीं कर रही है। पुलिस उसे नारी निकेतन भेजने की प्रक्रिया पर विचार कर रही है।

शादी के पांच महीने बाद घूमने आई थी ग्वालियर

जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी निवासी करण रजक छह अक्टूबर को एक रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पत्नी सुहाना के साथ ग्वालियर आया था। दोनों की शादी को महज पांच महीने हुए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सुहाना ने ग्वालियर का चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई। इसके बाद करण उसे बाइक से लेकर फूलबाग स्थित चिड़ियाघर पहुंचा।

दोपहर करीब 3 बजकर 9 मिनट 29 सेकंड पर सुहाना ने करण से बाइक पार्किंग में खड़ी करने के लिए कहा। करण बाइक लेकर पार्किंग की ओर गया और लगभग 26 सेकंड बाद लौटा, तो सुहाना वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

सीसीटीवी में दूसरी बाइक पर बैठकर जाती दिखी

पत्नी के अचानक लापता होने से परेशान करण ने कई बार उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद उसने अपने परिजनों, सुहाना के परिवार और रिश्तेदारों से संपर्क किया। कहीं से कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसने पड़ाव थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने चिड़ियाघर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें करण के बाइक लेकर जाने के बाद एक दूसरी बाइक तेजी से आती दिखाई दी। फुटेज में सुहाना दौड़कर उस बाइक पर बैठती नजर आई। इस घटनाक्रम ने मामले को संदिग्ध बना दिया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की थी।

Search