Home » खैरागढ़ के झरना फैशन दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान, गांव वालों ने संभाला मोर्चा
छत्तीसगढ़

खैरागढ़ के झरना फैशन दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान, गांव वालों ने संभाला मोर्चा

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के घोटिया गांव में झरना फैशन कपड़ा एवं फैंसी दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा कपड़ा और फैंसी सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना में दुकान संचालक झरना भोंडेकर और उनके पति जयकिशन भोंडेकर को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आगजनी में 7 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। मेहनत से खड़े किए गए कारोबार पर आग की इस घटना ने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।

आग लगते ही गांव में मची अफरा-तफरी

दुकान में आग लगने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

डायल 112 की मदद से आग पर पाया काबू

स्थानीय ग्रामीणों और डायल 112 की टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग बुझने तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इसके बावजूद दुकान संचालक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

शॉर्ट सर्किट या दूसरी वजह, जांच में जुटी पुलिस

दुकान में आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। दुकान संचालक की शिकायत के बाद खैरागढ़ पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह और नुकसान की विस्तृत स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Search