अमेरिका में साल 2028 में लॉस एंजिल्स में ओलंपिक गेम्स का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। साल 1904 के बाद यह पहला ओलंपिक होगा जिसमें क्रिकेट को शामिल किया गया है। आईसीसी ने इसको लेकर काफी पहले से अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया था, जिसमें महिला और पुरुष इवेंट के लिए 6-6 टीमों को खेलने का मौका मिलेगा।
इसके लिए क्वालीफाई करने के लिए आईसीसी ने कुछ नियम तय किए थे, जिसमें 5 टीमों को जहां सीधे एंट्री मिलेगी तो वहीं बचे एक स्लॉट के लिए क्वालीफायर खेला जाएगा और उसको कराने के लिए आखिरकार आईसीसी की तरफ से फैसला ले लिया गया है, जिसमें क्वालीफायर जनवरी और फरवरी 2028 में आयोजित किए जाएंगे। अभी तक पुरुष और महिला ओलंपिक क्वालिफायर के वेन्यू तय नहीं हुए हैं, लेकिन इसमें दोनों में 8-8 टीमें हिस्सा लेंगी।
पहले साल 2027 में होना था क्वालीफायर
लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक गेम्स के लिए आईसीसी ने पहले साल 2027 में क्वालीफायर कराने का फैसला लिया था, लेकिन अब क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार इसे जनवरी-फरवरी 2028 में कराया जाएगा। LA28 ओलंपिक गेम्स हिस्सा लेने वाली 6 टीमों के लिए शेड्यूल और टूर्नामेंट का स्ट्रक्चर जून में ही जारी कर दिया गया था। इसमें महिला इवेंट में ऑस्ट्रेलिया, भारत, साउथ अफ्रीका और ग्रेट ब्रिटेन ने अपने-अपने महाद्वीपों से सबसे ऊंची रैंकिंग वाली योग्य टीमों के रूप में क्वालीफाई कर लिया है जिसमें इन टीमों को इस साल की शुरुआत में हुए T20 वर्ल्ड कप में उनके प्रदर्शन के आधार पर जगह मिली है। वहीं पुरुष इवेंट के लिए 31 दिसंबर 2026 तक ICC ने T20I रैंकिंग में शीर्ष पर रहने वाली 4 टीमें जिसमें अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया महाद्वीप शामिल हैं वह ओलंपिक के लिए अपनी जगह पक्की करेंगी। बचे हुए दो स्लॉट के बारे को लेकर ICC ने जून में कहा था कि मेजबान के तौर पर USA पुरुष और महिला दोनों इवेंट्स में हिस्सा लेने के योग्य होगा लेकिन वह 30 जून 2026 से 31 दिसंबर 2026 के बीच की क्वालिफिकेशन अवधि में कभी भी अपनी T20I टीम रैंकिंग में टॉप 15 में जगह बना ले।
अगर यूएसए की महिला टीम ने नहीं किया क्वालीफाई
USA की पुरुष टीम अभी 13वें नंबर पर है, जिससे उनका ओलंपिक में सीधा प्रवेश पक्का हो गया है, लेकिन ICC के अपडेट किए गए क्वालिफिकेशन नियमों के अनुसार महिला टीम के बाहर होने पर खतरा मंडरा रहा है। आईसीसी ने जून महीने में अपने एक बयान में कहा था कि महिला टीम रैंकिंग में 19वें नंबर पर यूएसए की टीम अगर ओलंपिक में मेजबान के तौर पर क्वालिफाई करने की शर्तें पूरी नहीं कर पाती है तो उस स्थिति में पांचवां स्लॉट फरवरी 2027 में भारत में होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की स्टैंडिंग यानी रैंकिंग के आधार पर दिया जाएगा।
साल 2027 से लेकर 2031 तक खेले जाएंगे कई बड़े टूर्नामेंट
आईसीसी ने साल 2028 में होने वाले महिला और टी20 वर्ल्ड कप की तारीखों को उस ग्लोबल इवेंट लिस्ट में शामिल हैं, जिसको उन्होंने अक्टूबर में दुबई में हुई बैठकों के बाद अपने सदस्य बोर्डों के साथ साझा किया था। साल 2027 से 2031 के वनडे वर्ल्ड कप के बीच में कई बड़े इवेंट्स का आयोजन होगा जिसमें 12 पुरुष, 7 महिला और पांच अंडर-19 इवेंट जिसमें क्वालीफायर सहित शामिल हैं होने तय किए गए हैं।
हालांकि कुछ चीजें अभी भी साफ होना बाकी है। साल 2028 में होने वाले महिला और पुरुष T20 वर्ल्ड कप एक के बाद एक आयोजित होंगे, जिनके बीच केवल 11 दिनों का अंतर होगा। 12 टीमों वाला महिला T20 वर्ल्ड कप 7 सितंबर से 1 अक्टूबर तक खेला जाएगा, जबकि 20 टीमों वाला पुरुष टूर्नामेंट 12 अक्टूबर से 12 नवंबर के बीच आयोजित होगा। वहीं आईसीसी ने साल 2029 में होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच की मेजबानी एकबार फिर से इंग्लैंड को सौंपी है।







