Home » बंधक बनाकर चौकीदार को जमकर पीटा, फिर फैक्टरी से 800 किलो कॉपर वायर चोरी कर ले गए बदमाश
छत्तीसगढ़ • रायपुर

बंधक बनाकर चौकीदार को जमकर पीटा, फिर फैक्टरी से 800 किलो कॉपर वायर चोरी कर ले गए बदमाश

रायपुर।  हीरापुर क्षेत्र स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्टरी में देर रात चोरों के एक गिरोह ने धावा बोलकर करीब 800 किलो कॉपर वायर की चोरी कर फरार हो गए। कबीर नगर थाना क्षेत्र में स्थित इस कारखाने में चोरों ने सुरक्षा में तैनात चौकीदार को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा।

बदमाश रात लगभग एक बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते रहे। चोरी गए तांबे के तारों की कीमत 10 से 15 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

वारदात के समय चोरों का गिरोह फैक्टरी में दाखिल हुआ और ड्यूटी पर मौजूद चौकीदार को तुरंत पकड़ लिया। बदमाशों ने चौकीदार को बांधकर उसकी जमकर पिटाई की, ताकि वह कोई विरोध न कर सके और शोर न मचा पाए। इसके बाद आरोपियों ने कारखाने के भीतर रखे लगभग 800 किलो कॉपर वायर को औजारों से काटकर अलग किया। आरोपी देर रात करीब एक बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक यानी पूरे पांच घंटे तक फैक्टरी में मौजूद रहे और आसानी से चोरी करते रहे।
चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने अपने खिलाफ सबूत मिटाने की कोशिश भी की। आरोपी फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरे और रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले डीवीआर को भी उखाड़कर साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। कबीर नगर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।

Search