Home » टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस : क्या है होटल के कमरा नंबर 201 का सच, जांच के बाद खुलेगा राज
मनोरंजन

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस : क्या है होटल के कमरा नंबर 201 का सच, जांच के बाद खुलेगा राज

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान आरोपियों के ठिकाने को लेकर अहम जानकारियां सामने आई हैं। मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित आरआर रेजीडेंसी होटल का कमरा नंबर 201 अब जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।

सूत्रों की मानें तो इस कमरे में दो कथित आरोपी करीब पांच दिन तक रुके थे। आरोप है कि उन्होंने अपनी पहचान छिपाकर होटल में कमरा लिया और यहीं से फायरिंग की वारदात को अंजाम देने की तैयारी की। जांच एजेंसियां अब होटल में आरोपियों के ठहरने, हथियार की व्यवस्था और वारदात से पहले की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

कमरा नंबर 201 में पांच दिन तक रुके आरोपी

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अंधेरी ईस्ट के आरआर रेजीडेंसी होटल में दो कथित आरोपियों ने 14 तारीख को सुबह करीब 11 बजे चेक-इन किया था। उन्होंने कमरा नंबर 201 बुक कराया था, जिसका किराया लगभग 1,500 रुपये प्रतिदिन बताया जा रहा है। होटल में कमरा लेते समय उन्होंने खुद को हरियाणा के हिसार का निवासी बताया था और मुंबई घूमने आने की जानकारी दी थी।

हालांकि इस मामले में एक अहम सवाल होटल में जमा कराए गए पहचान पत्रों को लेकर भी उठ रहा है। जानकारी के मुताबिक आधार कार्ड पर अंकित और मनदीप नैन उर्फ मोहित नाम दर्ज थे, जबकि जांच में फूल सिंह और रेहान सिंह के नाम भी कथित आरोपियों के रूप में सामने आए हैं। हरियाणा से पकड़े गए अंकित पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप है। ऐसे में कमरा नंबर 201 में वास्तव में कौन-कौन रुका था और किसने किस पहचान का इस्तेमाल किया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Search