सूरजपुर। लटोरी चौकी पुलिस ने कपड़ा दुकान में साड़ी खरीदने के बहाने चोरी करने वाले गिरोह के 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की गई लगभग 36,000 रुपये मूल्य की साड़ियां बरामद की हैं।
जब दुकानदार उन्हें साड़ियां दिखाने में व्यस्त था, उसी दौरान महिलाओं ने उसकी नजर बचाकर बहुत ही चालाकी से साड़ियों के बंडल गायब कर दिए। आरोपियों ने दुकान के साथ लगे गोदाम से भी साड़ियों के कई बंडल चुरा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी महिलाएं अपनी कारों में बैठकर मौके से फरार हो गईं।
स्टॉक मिलान से हुआ चोरी का खुलासा : जब दुकानदार ने अपनी दुकान और गोदाम में रखी साड़ियों के स्टॉक का मिलान किया, तो उसे साड़ियों के कई बंडल गायब मिले। पूरे स्टॉक की जांच करने पर उसे लगभग 36,000 रुपये कीमत की साड़ियां चोरी होने की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद पीड़ित दुकानदार ने लटोरी चौकी पुलिस के पास पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी।
बनारस रोड किनारे तंबू से गिरफ्तारी : पुलिस को सूचना मिली कि बनारस रोड के किनारे तंबू लगाकर कुछ संदिग्ध महिलाएं और पुरुष रह रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बनारस रोड पर पहुंचकर तंबू की घेराबंदी की और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों के पास से चोरी की गई सभी साड़ियां बरामद हो गईं। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के बारां जिले के रहने वाले दो पुरुषों और 10 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर रही है।







