Home » आपत्तिजनक पोस्ट पर पुलिस की कार्रवाई, शिक्षक गिरफ्तार, मोबाइल व सिम कार्ड जप्त
छत्तीसगढ़ • रायपुर

आपत्तिजनक पोस्ट पर पुलिस की कार्रवाई, शिक्षक गिरफ्तार, मोबाइल व सिम कार्ड जप्त

रायपुर । ऋषि-मुनियों को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले शिक्षक को गिरफ्तार किया है। मामला जशपुर जिले के कुनकुरी थाने क्षेत्र का है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं, ऋषि-मुनियों और धर्मग्रंथों के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोप में एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 199 और 299 के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 52 वर्षीय हेमंत कुमार बेदी के रूप में हुई है, जो बगीचा ब्लॉक स्थित कूदमुरा के माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक है। पुलिस ने आरोपी से पोस्ट करने में इस्तेमाल हुआ मोबाइल फोन और सिम कार्ड जप्त कर लिया है। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
विहिंप की शिकायत पर कार्रवाई :  मामले की शुरुआत 17 अक्तूबर को हुई, जब विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने कुनकुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी नाम के खाते से एक पोस्ट देखी थी। इस पोस्ट में ‘रावण नहीं, ऋषि-मुनियों को जलाओ’और हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और पूज्य ऋषियों के प्रति बेहद अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणियां की गई थीं। शिकायत में कहा गया कि इस आपत्तिजनक सामग्री से हिंदू समाज के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। धार्मिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद ने आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई थी।
नोटिस देने पहुंची पुलिस को देखकर भागा आरोपी :  शिकायत मिलते ही कुनकुरी थाना पुलिस ने तुरंत प्राथमिक जांच शुरू की। आरोपी शिक्षक मूल रूप से कांसाबेल थाना क्षेत्र के चौकी दोकड़ा अंतर्गत ग्राम बिहावल पतराटोली का निवासी है। थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता और गवाहों के विस्तृत बयान दर्ज किए। इसके बाद विवेचना अधिकारी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने आरोपी के पास पहुंचे। पुलिस टीम को अचानक सामने देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ही अपने फेसबुक खाते से आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी। पुलिस ने पोस्ट के लिए प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और उसमें लगा जियो सिम जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 17 अक्तूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
 एसपी की  स्पष्ट चेतावनी:  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया मंचों पर किसी भी धर्म या आस्था के विरुद्ध आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना एक गंभीर अपराध है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि समाज में वैमनस्य फैलाने या धार्मिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि जशपुर पुलिस जिले में शांति, कानून व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दूसरी ओर, रायपुर जिले में भी सोशल मीडिया पर एआई निर्मित वीडियो के माध्यम से हिंदू देवी-देवताओं पर भ्रामक दावे करने का मामला सामने आया है। वहां फेसबुक पर 50 से अधिक ऐसे वीडियो अपलोड किए गए, जिन्हें लाखों लोगों ने देखा। हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस ने इस मामले में भी प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Search