महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव तालुका में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक एसटी बस और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसा सुबह करीब 11 बजे खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी फाटे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार श्रद्धालु तुलजापुर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में गजानन नामदास समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर उतरकर रास्ता रोको आंदोलन शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर माजलगांव-तेलगांव-धारूर मार्ग की खराब हालत भी हादसों की आशंका बढ़ा रही है। लोगों का कहना है कि सड़क पर कई जगह ऊबड़-खाबड़ हिस्से हैं और बीच सड़क पर दरारें भी पड़ गई हैं। स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण में कथित लापरवाही के लिए ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।







