Home » छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वर्ष 2027 के लिए आधिकारिक अवकाश कैलेंडर किया जारी
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वर्ष 2027 के लिए आधिकारिक अवकाश कैलेंडर किया जारी

रायपुर।  वर्ष 2027 के लिए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अपना आधिकारिक अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया है। इस नए कैलेंडर में वर्षभर मिलने वाली छुट्टियों के साथ ही ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश की समय-सारणी घोषित की गई है। इसके साथ ही विभिन्न राष्ट्रीय पर्वों और प्रमुख त्योहारों पर होने वाले अवकाश की विस्तृत जानकारी भी दी गई है।

हाईकोर्ट प्रशासन ने शनिवार तथा रविवार को अदालत और रजिस्ट्री कार्यालय के संचालन की पूरी व्यवस्था तय कर दी है। न्यायालय की छुट्टियों के समय रजिस्ट्री कार्यालय के कामकाज के लिए एक अलग समय-सारणी निर्धारित की गई है। इस व्यवस्था से अधिवक्ताओं और पक्षकारों को अपनी याचिकाओं और मुकदमों से संबंधित तैयारियों की योजना पहले से बनाने में सुविधा मिलेगी।

ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश :  हाईकोर्ट की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार वर्ष 2027 में ग्रीष्मकालीन अवकाश 18 मई से शुरू होकर 11 जून तक चलेगा। इस अवधि में न्यायालय में नियमित मुकदमों की सुनवाई स्थगित रहेगी, हालांकि रजिस्ट्री कार्यालय सामान्य रूप से खुला रहेगा और कामकाज निपटाएगा। इसके बाद शीतकालीन अवकाश 23 दिसंबर से 31 दिसंबर 2027 तक निर्धारित किया गया है। शीतकालीन छुट्टियों के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय 20 दिसंबर से 24 दिसंबर तक खुला रहेगा। इसके पश्चात 27 दिसंबर से 31 दिसंबर तक रजिस्ट्री कार्यालय पूरी तरह बंद रहेगा।
प्रमुख त्योहारों और राष्ट्रीय अवसरों की छुट्टियां :  वर्ष 2027 के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय अवसरों और प्रमुख धार्मिक त्योहारों के लिए अवकाश घोषित किए गए हैं। जारी सूची के अनुसार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर और 26 मार्च को गुड फ्राइडे का अवकाश रहेगा। इसके अतिरिक्त 14 अप्रैल को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती, 15 और 16 अप्रैल को रामनवमी, 17 मई को ईद-उल-जुहा तथा 16 जून को मुहर्रम की छुट्टी निर्धारित की गई है। साल के उत्तरार्ध में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस, 17 अगस्त को रक्षाबंधन, 25 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी, 3 सितंबर को हरतालिका तीज, 4 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और 25 दिसंबर को क्रिसमस पर छुट्टी रहेगी।
शनिवार और रविवार के संचालन संबंधी नियम
अदालत और रजिस्ट्री कार्यालय के संचालन को लेकर विशेष नियम निर्धारित किए गए हैं। कैलेंडर के अनुसार प्रत्येक महीने के दूसरे और तीसरे शनिवार को हाईकोर्ट तथा रजिस्ट्री कार्यालय दोनों बंद रहेंगे। महीने के शेष शनिवारों को अदालत में नियमित सुनवाई नहीं होगी, लेकिन रजिस्ट्री कार्यालय खुला रहकर प्रशासनिक कार्य निष्पादित करेगा। हालांकि 6 नवंबर और 4 दिसंबर 2027 को शनिवार होने के बाद भी कार्य दिवस घोषित किया गया है और इन दोनों तिथियों पर अदालत खुली रहेगी। वर्ष के सभी रविवार को हाईकोर्ट तथा रजिस्ट्री कार्यालय पूर्णतः बंद रहेंगे। यह रविवार अवकाश का नियम ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन छुट्टियों के दौरान पड़ने वाले रविवार पर भी समान रूप से लागू रहेगा।
त्योहारों की तिथियों में संशोधन का प्रावधान
हाईकोर्ट के आधिकारिक नोटिफिकेशन में यह स्पष्ट किया गया है कि मिलाद-उन-नबी, ईद-उल-फितर, ईद-उल-जुहा और मुहर्रम जैसे मुस्लिम त्योहारों की तिथियां चांद दिखने के आधार पर परिवर्तित हो सकती हैं। यदि राज्य सरकार इन त्योहारों की तिथियों में कोई बदलाव करती है, तो मुख्य न्यायाधीश की स्वीकृति के पश्चात संशोधित तिथि प्रभावी मानी जाएगी।

Search