वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
कोरबा। शहर की सीएसईबी कॉलोनी में एक परिवार की बाइक के अंदर पीले रंग का खूबसूरत सांप छिपा हुआ मिला, सांप को देखकर परिवार के सदस्य हैरान रह गए, इसके बाद सीएसईबी कॉलोनी निवासी तमुली परिवार ने तत्काल इसकी सूचना वाइल्ड लाइफ रेस्क्यु टीम (नोवा नेचर) प्रमुख जितेंद्र सारथी को दिया।
सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और सांप को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू की। काफी मशक्कत के बाद जब बाइक की सीट खोली गई, तब उसके अंदर पीले रंग का सांप छिपा हुआ दिखाई दिया। रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक सांप को बाहर निकाला, उसकी पहचान के दौरान वह रैट स्नेक (धामन सांप) के रूप में की गई, जो विषहीन होता हैं।
रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में छोड़ दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सांप को नुकसान पहुंचाए बिना उसका सुरक्षित रेस्क्यू करने का प्रयास किया गया। सांप के सुरक्षित निकल जाने के बाद तमुली परिवार ने राहत की सांस ली और वन विभाग एवं रेस्क्यू टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।







