कबीरधाम। नेशनल हाईवे-30 पर 4.63 करोड़ रुपये के गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी घनश्याम गुर्जर को कबीरधाम पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। करीब आठ महीने से फरार आरोपी को पुलिस ने 9 अक्टूबर को राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र से पकड़ा। ट्रांजिट रिमांड पर कबीरधाम लाने के बाद पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे सोमवार, 12 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
विवेचना के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ, उनके बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान निवासी घनश्याम गुर्जर की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद उसे मामले में मुख्य आरोपी के रूप में शामिल किया गया।
घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। तकनीकी सहायता से उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया गया और राजस्थान में भी पुलिस टीम भेजी गई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
साइबर और एएनटीएफ टीम ने भी की मदद
कबीरधाम के एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की विवेचना में चिल्फी थाना पुलिस के साथ साइबर थाना और एएनटीएफ टीम की भी भूमिका रही। मामले में आगे की जांच जारी है।







