Home » नेपाल में फिर बाढ़ : बचाव दल ने 95 लोगों को बचाया, पांच अभी भी लापता
दुनिया

नेपाल में फिर बाढ़ : बचाव दल ने 95 लोगों को बचाया, पांच अभी भी लापता

काठमांडू।  नेपाल में भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। गोरखा जिले में बाढ़ का पानी घरों और पुलों को बहा ले गया, जबकि पांच लोग अब भी लापता हैं। उनकी तलाश में बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित इलाकों से 13 और लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इसके साथ ही अब तक कुल 95 लोगों को बचाया जा चुका है। नेपाली सेना, सुरक्षा बल और बचाव दल प्रभावित इलाकों में लोगों की तलाश करने के साथ-साथ राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हैं।

हेलिकॉप्टर से किया गया रेस्क्यू
नेपाली सेना के मुताबिक, गोरखा जिले के चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान जारी है। रविवार शाम उंगिलुंग नदी के पास धौलीभीर इलाके में फंसे तीन लोगों को सेना के हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकाला गया। यह इलाका चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका-6 में आता है।
चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नारायण सापकोटा ने बताया कि रविवार सुबह अचानक हुए भूस्खलन के बाद तीनों लोग वहां फंस गए थे। उस जगह पर उनका मवेशियों को रखने का बाड़ा था। बाद में सेना के हेलिकॉप्टर से उन्हें सुरक्षित फिलिम पहुंचाया गया। रविवार शाम तक चार हेलिकॉप्टरों, जिनमें एक MI-17 हेलिकॉप्टर भी शामिल था, और जमीन पर काम कर रही बचाव टीमों की मदद से 95 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। राहत और बचाव कार्य में 700 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है। इनमें नेपाली सेना के 171 जवान भी शामिल हैं।

Search