धमतरी। ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप को फूंकने और दो बाइक को आग के हवाले करने का मामला सामने आया था। जिस पर पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धारा लगते हुए उसे जेल भेजा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात ग्राम मेघा स्थित मातारानी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर हुई। आरोप है कि जीवन निषाद ने सबसे पहले पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया। जब वह इसमें सफल नहीं हुआ, तो उसने माचिस की मदद से पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी कर्मचारियों की दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जीवन निषाद (47), निवासी ग्राम मेघा, ने कथित तौर पर पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिश की थी। इसमें नाकाम रहने पर उसने कर्मचारियों की दो बाइक को आग के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने इस वारदात के पीछे एक मासूम बच्ची की मौत को लेकर उपजे आक्रोश की बात बताई है।
घटना के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 326(एफ) और 324(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में मगरलोड पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर जीवन निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कथित वारदात में इस्तेमाल की गई माचिस और घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।







