मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई के मुलुंड ईस्ट स्थित टाटा कॉलोनी में लेबर कैंप में गुरुवार को भीषण आग लग गई। यह लेबर कैंप धारावी से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए बनाए गए प्रोजेक्ट परिसर में स्थित है। कैंप का निर्माण G+1 ढांचे में किया गया है। आग लगने के बाद कैंप में रह रहे बड़ी संख्या में मजदूर जान बचाकर बाहर भागे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की शुरुआती वजह गैस सिलेंडर में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। जोनल DCP के मुताबिक, अब तक 7 गैस सिलेंडर फट चुके हैं। हालांकि, आग लगने के सही कारण की जांच की जा रही है। आग की सूचना मिलते ही करीब 15 दमकल गाड़ियां, एंबुलेंस, नवघर पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं। जोनल DCP के मुताबिक, कैंप में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अभी तक किसी के हताहत होने या मौत की सूचना नहीं है। पुलिस की ओर से भी मौके पर जरूरी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।







