Home » लाल सलाम लिखे पर्चे फेंककर दहशत फैलाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

लाल सलाम लिखे पर्चे फेंककर दहशत फैलाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

बीजापुर। आवापल्ली थाना क्षेत्र के ग्राम मुरदंडा में नक्सली पर्चे फेंककर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों संदीप मड़कम और नागेश बोड़के को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर माओवादियों के नाम पर धमकी भरे पर्चे तैयार कर ग्रामीणों में भय का माहौल बनाने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, 7 अक्टूबर को ग्राम मुरदंडा में 7 धमकी भरे पर्चे मिले थे। इन पर्चों के जरिए सरपंच नारायण काका, उपसरपंच नारायण कचलम और ग्रामीण जयमूर्ति चापड़ी को धमकी दी गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद आवापल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

पुलिस की जांच में सामने आया कि गांव में स्कूल भवन निर्माण के लिए जमीन से अवैध कब्जा हटाया गया था। इसी कार्रवाई से जुड़े विवाद के बाद आरोपियों ने माओवादियों की आड़ लेकर धमकी भरे पर्चे तैयार किए और गांव में फेंके, ताकि लोगों में दहशत पैदा की जा सके।

पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदीप मड़कम और नागेश बोड़के को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों से पूछताछ में नक्सली पर्चे के पीछे की साजिश और जमीन विवाद से जुड़े तथ्यों का खुलासा हुआ है। आवापल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है।

ASP अमन कुमार झा ने बीजापुर निवासियों से अपील है कि यदि उन्हें कोई माओवादी पर्चा या ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि या ऐसी कोई अफवाह सुनने में आती है तो उस पर यकीन न करें और भ्रमित होने की जगह तुरंत पुलिस को जानकारी दें।

बीजापुर पुलिस की चेतावनी :  बीजापुर पुलिस अधिकारी ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि माओवाद की आड़ में किसी को डराने धमकाने या शासकीय गतिविधि में बाधा पहुंचाने का प्रयास न करें. ऐसा करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।  समाज में भय का वातावरण पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस की तरफ से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Search