परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका स्थित शिवम वाटिका कॉलोनी से एक 32 वर्षीय महिला के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिला अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनांे ने सरकंडा थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों ने महिला के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द तलाश करने की मांग की है। घटना के बाद परिवार में चिंता और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार शिवम वाटिका कॉलोनी मोपका निवासी हिमांशु कुर्रे पति हरीश कुर्रे 32 वर्ष 2 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने के लिए घर से निकली थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद महिला घर वापस नहीं पहुंची। निर्धारित समय पर उसके लौटकर नहीं आने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क करने के साथ संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। लगातार तलाश के बावजूद जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने 3 अक्टूबर को सरकंडा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला के अचानक गायब होने को लेकर अपहरण की आशंका जताई गई है।
परिजनों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला को जल्द तलाश करने और उसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। महिला के लापता होने के बाद परिजनों ने किसी अनहोनी की भी आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। महिला किन परिस्थितियों में लापता हुई और वह कहां गई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल महिला के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।







