रायपुर। अंबिकापुर जिले के कलाकेंद्र मैदान के पास भारतीय जनता पार्टी के नेता धीरज सिंह और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के बीच विवाद अब तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। वहीं, भाजपा नेताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली।

विवाद के बाद BJP नेता धीरज सिंह और इन्फ्लुएंसर आकांक्षा पर FIR
भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा ने पुलिस को आवेदन देकर भाजपा नेता धीरज सिंह पर जातिगत गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धारा 3-1 के तहत मामला पंजीकृत किया।
इन्फ्लुएंसर्स पर दर्ज हुई प्राथमिकी : भाजपा नेता पर एफआईआर दर्ज होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक फिर से थाने में जमा हो गए। कार्यकर्ताओं ने आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद की त्वरित कार्रवाई की मांग रखी। भाजपा नेता शैलेंद्र शर्मा ने पुलिस को आवेदन सौंपकर बताया कि दोनों इन्फ्लुएंसर सोशल मीडिया पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा गया था। पुलिस ने शैलेंद्र शर्मा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया। दोनों पर राजनेताओं के खिलाफ विवादित पोस्ट डालने और सौहार्द बिगाड़ने का आरोप है।






