Home » डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट में ब्राजील की जगह ‘भारत में राष्ट्रपति चुनाव’ का किया जिक्र, बाद में किया सुधार
दुनिया

डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट में ब्राजील की जगह ‘भारत में राष्ट्रपति चुनाव’ का किया जिक्र, बाद में किया सुधार

डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में ब्राजील की जगह भारत का जिक्र कर दिया। उन्होंने ब्राजील की जगह ‘भारत के राष्ट्रपति चुनाव’ का जिक्र कर दिया और कहा कि भारत के राष्ट्रपति चुनाव में 12.5 करोड़ लोगों ने वोट डाला और वोटिंग खत्म होने के कुछ ही देर बाद नतीजे आ गए।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव पर टिप्पणी करते समय गलती से उसे भारत समझ लिया। यह चूक तब हुई जब ट्रंप चुनावी प्रक्रिया पर बात कर रहे थे और आरोप लगा रहे थे कि अमेरिका में चुनाव “भ्रष्ट” हैं। ट्रंप ने दावा किया कि “आज भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में 12.5 करोड़ लोगों ने वोट दिया।” हालांकि, ऐसा लगता है कि यह पोस्ट ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव के बारे में थी, क्योंकि भारत में ऐसा कोई चुनाव नहीं हो रहा था।

ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में 12.5 करोड़ लोगों ने वोट दिया। वोटिंग खत्म होने के कुछ ही देर बाद, यानी उसी दिन नतीजे भी आ गए।” इसके बाद ट्रंप ने वोटिंग प्रोसेस की तुलना डेट्रॉइट, फिलाडेल्फिया और कैलिफ़ोर्निया जैसे इलाकों में होने वाले चुनावों से की और दावा किया कि अमेरिका के चुनाव “भ्रष्ट” हैं। अमेरिकी शहरों और राज्यों में वोटों की गिनती में लगने वाले समय का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, “अमेरिका में वोटिंग भ्रष्ट है।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “डेट्रॉइट, फिलाडेल्फिया, कैलिफ़ोर्निया और अमेरिका के कई अन्य शहरों और राज्यों में, जहां वोटिंग की संख्या बहुत कम होती है, वहां भी नतीजों की गिनती (यानी धांधली) करने में अक्सर हफ़्तों लग जाते हैं। अमेरिका में वोटिंग भ्रष्ट है।”

हालांकि बाद में ट्रंप ने अपनी पोस्ट में सुधार किया। उन्होंने भारत का जिक्र हटाकर उसकी जगह ब्राजील का नाम लिख दिया, लेकिन अमेरिकी वोटिंग सिस्टम की आलोचना जारी रखी। ट्रंप ने लिखा, “आज ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में 12.5 करोड़ लोगों ने वोट डाला। वोटिंग खत्म होने के कुछ ही देर बाद, यानी उसी दिन नतीजे आ गए! डेट्रॉइट, फिलाडेल्फिया, कैलिफ़ोर्निया और अमेरिका के कई अन्य शहरों और राज्यों में, जहां वोटिंग की संख्या बहुत कम होती है, वहां नतीजों की गिनती करने, मेरा मतलब है, नतीजों में हेर-फेर करने में अक्सर हफ़्तों लग जाते हैं। अमेरिका में वोटिंग सिस्टम भ्रष्ट है!!!”

Search