शुभमन गिल ने IND vs WI सीरीज में 334 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने बतौर कप्तान 3 मैच की वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज का अंत टीम इंडिया 2-1 से करने में कामयाब रही। इस सीरीज में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल का बल्ले से जबरदस्त फॉर्म देखने को मिला, जिसमें उन्होंने पहले वनडे में जहां शतकीय पारी खेली तो वहीं दूसरे में रिकॉर्ड दोहरा शतक जड़ा।
हालांकि तीसरे वनडे में कप्तान गिल सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बावजूद वह एक ऐसा कारनामा करने में कामयाब रहे जो अब तक कोई भी भारतीय कप्तान तीन मैचों की वनडे सीरीज में करने में कामयाब नहीं हो सका। शुभमन गिल अब वनडे फॉर्मेट में तीन मैचों की सीरीज में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, जिसमें उन्होंने जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर का 15 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
बतौर कप्तान तीन मैचों की वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- शुभमन गिल (भारत) – 334 रन बनाम वेस्टइंडीज (साल 2026)
- ब्रेंडन टेलर (जिम्बाब्वे) – 310 रन बनाम न्यूजीलैंड (साल 2011)
- शे होप (वेस्टइंडीज) – 278 रन बनाम भारत (साल 2026)
- बाबर आजम (पाकिस्तान) – 276 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया (साल 2021)
- कुर्रम खान (यूएई) – 270 रन बनाम अफगानिस्तान (साल 2014)
गिल ने युवराज-गांगुली और धोनी की भी की बराबरी
शुभमन गिल को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला जिसके दम पर वह सौरव गांगुली, युवराज सिंह और एमएस धोनी की बराबरी करने में कामयाब हो गए। शुभमन गिल का यह उनके वनडे करियर में 7वां प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड था जिसके बाद अब वह सिर्फ बतौर भारतीय खिलाड़ी इस मामले में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली से पीछे हैं।







