Home » झाड़ू के बीच छिपा था कोबरा, सफल रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा गया
कोरबा

झाड़ू के बीच छिपा था कोबरा, सफल रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा गया

कोरबा । विकासखंड करतला के ग्राम कुदुरमाल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में रखी झाड़ू के बीच एक खतरनाक कोबरा छिपा हुआ दिखाई दिया, कोबरा को देखते ही पटेल परिवार के लोगों में दहशत फैल गई, परिवार ने उसको भगाने के प्रयास किया लेकिन उसकी फुफकार सुनकर लोग सहम गए।  परिवार ने तत्काल इसकी सूचना वाइल्डलाइफ रेस्क्यु टीम प्रमुख एवं वन विभाग सदस्य जितेंद्र सारथी को दी।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी कुछ ही समय बाद कुदुरमाल गांव पहुंचे। मौके पर पहुंचकर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। झाड़ू के बीच छिपा कोबरा काफी गुस्सैल अवस्था में था, जिसके कारण रेस्क्यू के दौरान विशेष सावधानी बरती गई। जितेंद्र सारथी ने बेहद सावधानी और सुरक्षित तरीके से कोबरा का रेस्क्यू  किया। सांप के सुरक्षित निकलने के बाद परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आसपास मौजूद ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली ।  इसके बाद सांप को  प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों ने जताया आभार :  रेस्क्यू के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने जितेंद्र सारथी के कार्य की सराहना करते हुए आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और उन्हें सुरक्षित बचाने का यह कार्य सराहनीय है, समय रहते रेस्क्यू होने से परिवार और ग्रामीणों में बनी दहशत भी समाप्त हुई।

Search