Home » शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर दिखा AAP का गुस्सा, दी आंदोलन की चेतावनी
कोरबा

शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर दिखा AAP का गुस्सा, दी आंदोलन की चेतावनी

कोरबा। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित अन्य मूलभूत समस्याओं व जिले के विकास को लेकर आप पार्टी ने कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित किया। इसके माध्यम से आप ने अपना भड़ास निकाला। पार्टी का कहना है कि  जिला बनने के बाद भी कोरबा का विकास जस का तस है। वर्षों बीत जाने के बाद भी विकास का ‘वि’ तक नजर नहीं आ रहा है और अब ‘काश’ मात्र ही शेष रह गया है।

प्रेस वार्ता को पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री जगलाल राठिया, जिलाध्यक्ष रिचर्ड डेबिट लोगन ने संबोधित किया। इस दौरान जिला संगठन मंत्री लहना सिंह, सोमराज, यूथ विंग जिलाध्यक्ष आजाद बक्स, जिला उपाध्यक्ष धर्मदास गांधी, लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे, महिला जिलाध्यक्ष/उपाध्यक्ष सरोज यादव समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कोरबा जिले से जुड़े 9 प्रमुख जनहित के मुद्दों को किया रेखांकित : 

ट्रेन सुविधाओं की कमी: जिले की बड़ी आबादी को ध्यान में रखते हुए नई ट्रेनों का परिचालन, प्रमुख ट्रेनों का ठहराव और यात्री सुविधाओं में तत्काल सुधार किया जाए।
सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या: मुख्य मार्गों पर आवारा मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इनके स्थायी रख-रखाव व कांजी हाउस/गौठानों की उचित व्यवस्था की जाए।
बिजली के बढ़ते खर्च का बोझ: बिजली की बढ़ती दरों से आम उपभोक्ता त्रस्त हैं। बिजली बिलों में राहत देने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं।
जर्जर व बदहाल सड़कें: जिले की खस्ताहाल सड़कों के कारण आवागमन जोखिमभरा हो गया है। क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल पुनर्निर्माण व मरम्मत कार्य कराया जाए।
स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार: सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाइयां और मुफ्त जांच सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार: शासकीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल हेतु जर्जर भवनों का जीर्णोद्धार, शिक्षकों की पदस्थापना, पेयजल व शौचालयों की समुचित व्यवस्था हो।
ग्रामीण विकास पर जोर: गांवों में नाली, सड़क, शुद्ध पेयजल व स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव दूर कर समग्र ग्रामीण विकास पर ध्यान दिया जाए।
किसानों की समस्याओं का समाधान: सिंचाई, कृषि लागत में कमी, फसल के उचित मूल्य और कृषि बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से निपटारा हो।
सुनालिया पुल से सीतामढ़ी मार्ग का सुधार: इस प्रमुख मार्ग की अत्यंत खराब स्थिति का संज्ञान लेकर शीघ्र अति शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश व जिला नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े ये मुद्दे किसी एक दल के नहीं, बल्कि पूरे कोरबा जिले के नागरिकों के अधिकार से जुड़े हैं। इन समस्याओं का हल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से परे हटकर जिम्मेदार विभागों को तय समय सीमा के भीतर करना चाहिए।

आंदोलन की चेतावनी :  पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में इन सभी मांगों को लेकर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि समय रहते प्रशासन ने इन समस्याओं पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आम आदमी पार्टी जनता के हित में लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Search