Home » सिंचाई कॉलोनी में घर के सामने से बाइक की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
कोरबा • छत्तीसगढ़

सिंचाई कॉलोनी में घर के सामने से बाइक की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

साइकिल-चप्पल छोड़ गया नकाबपोश

कोरबा। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी में एक नकाबपोश चोर घर के आंगन में खड़ी बाइक चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई हैं। हैरानी की बात यह रही कि बाइक चोरी करने वाला आरोपी अपनी साइकिल और चप्पल मौके पर ही छोड़ गया।

जानकारी के अनुसार सिंचाई विभाग में मानचित्रकार के पद पर कार्यरत गिरधारी लाल खरिया सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर ए1-3 में रहते हैं। उन्होंने रोज की तरह अपनी बाइक घर के आंगन में खड़ी की थी। रात लगभग 3.35 बजे एक नकाबपोश युवक घर के आंगन में पहुंचा और बाइक लेकर फरार हो गया। सुबह जब परिवार की नजर बाइक पर पड़ी तो वह गायब थी। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई।

सीसीटीवी फुटेज में एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दे रहा है। वह घर के आंगन से बाइक निकालकर ले जाता नजर आ रहा है। चोरी के दौरान वह अपनी साइकिल और चप्पल घर के पास ही छोड़ गया और बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना रामपुर में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सिंचाई कॉलोनी और रामपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पूर्व पार्षद पालू राम साहू ने बताया कि कुछ दिन पहले इसी कॉलोनी के एक सूने मकान में भी चोरी हुई थी। इसके अलावा क्षेत्र में बाइक और घरों में चोरी की अन्य घटनाएं भी हो चुकी हैं।

बताया जा रहा हैं कि गणेश उत्सव के दौरान तीजा के दिन रामपुर जंगल बस्ती निवासी के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवर ले गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मामले में भी अब तक उनका पता नहीं चल सका है।

लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर कॉलोनीवासियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी के मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मौके से मिले सामान के आधार पर आरोपी की पहचान और बाइक की तलाश में जुटी है।

Search