भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है। भारतीय टीम तीन मैचों की सीरीज में पहले ही 1-0 की बढ़त बना चुका है और अब उसकी नजरें सीरीज में अजेय बढ़त लेने पर हैं।
वहीं वेस्टइंडीज ने भारत के सामने दूसरे वनडे में 406 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन वेस्टइंडीज ने जॉन कैंपबेल, शाई होप और आमिर जांगू के शतकों की मदद से 50 ओवर में सात विकेट पर 405 रन बनाए। वेस्टइंडीज का वनडे में यह सबसे बड़ा स्कोर है और कैरेबियाई टीम ने पहली बार इस प्रारूप में 400 रनों का आंकड़ा पार किया है। वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा रन जांगू ने बनाए जो 114 रन बनाकर आउट हुए।
वेस्टइंडीज के लिए कैंपबेल ने कप्तान शाई होप के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की। इसके बाद जांगू और होप के बीच तीसरे विकेट के लिए 182 रनों की साझेदारी हुई जिससे वेस्टइंडीज विशाल स्कोर तक पहुंच सका।
इन तीनों के अलावा रोस्टन चेज ने नाबाद 29 रन बनाए जिससे वेस्टइंडीज 400 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। होप ने 104 और कैंपबेल ने 102 रन बनाए। वहीं, केसी कार्टी ने 9, अल्जारी जोसेफ ने 8 और कीमो पॉल ने तीन रन बनाए। शमार जोसेफ 14 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए गुरनूर बरार, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली।







