नई दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स में आज भारतीय खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा मेडल जीतने की कोशिश करेंगे। भारत को आज निशानेबाजी, आर्चरी, स्क्वॉश, कुराश, सर्फिंग, साइकिलिंग, टेनिस, कैनोइंग, सेलिंग, मुक्केबाजी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स जैसे इवेंट में मेडल जीतने की उम्मीद होगी।
शपथ भारद्वाज नहीं जीत सके मेडल : भारत के शपथ भारद्वाज पुरुषों की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में मेडल नहीं जीत सके। आठ निशानेबाजों के फाइनल में वह सबसे निचले स्थान पर रहे।
टेनिस में सुमित नागल की जीत : टेनिस में मेंस सिंगल्स के मुकाबले में भारत के सुमित नागल ने दूसरे दौर में साउथ कोरिया के होंग सेयोंचान को सीधे सेटों में 6-4,6-0 से हरा दिया। अगले दौर में उनका सामना उज्बेकिस्तान के सर्जी फोमिन से होगा।
नरेंद्र के हिस्से आया ब्रॉन्ज मेडल : भारतीय मुक्केबाज नरेंद्र पुरुषों के 90+ किलोग्राम भार वर्ग मुकाबले में कजाकिस्तान के आइबेक ओरलबे से 0-5 से हार गए और इसी के साथ उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ा।
मुक्केबाज अंकुश पंघाल फाइनल में पहुंचे : भारत के पुरुष मुक्केबाज अंकुश पंघाल 80 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में जीत हासिल करने में सफल रहे हैं। उन्होंने उज्बेकिस्तान के फादिलउद्दीन इरकिनबोएव को 4-1 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। अब उनकी नजरें गोल्ड मेडल पर होंगी।
नीरू ढांडा ने जीता गोल्ड : नीरू ढांडा ने महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में 28 का स्कोर करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। यह उनका इन खेलों में दूसरा मेडल है। इससे पहले आज ही के दिन उन्होंने ट्रैप टीम इवेंट में महिला टीम के साथ सिल्वर जीता था।
कुमकुम क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, कीर्ति बाहर : आर्चरी में भारतीय खिलाड़ी कुमकुम ने महिला रिकर्व व्यक्तिगत इवेंट के दो मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। इसी इवेंट में भारत की एक और खिलाड़ी कीर्ति का सफर खत्म हो गया है। कुमकुम ने बांग्लादेश की साइमा सलाह उद्दीन को 6-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं, कीर्ति को दक्षिण कोरिया की कांग चेयॉन्ग से 3-7 से हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद उनका सफर यहीं खत्म हो गया।







