रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर ‘चंदनपुर’ कर दिया गया है। वर्षों से चली आ रही नाम परिवर्तन की मांग पूरी होने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच गांव पहुंचे और ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपकर बधाई दी। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने मिठाई बांटी और उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
राजपत्र में हुआ नाम परिवर्तन का प्रकाशन
छत्तीसगढ़ शासन ने ग्राम चंडालपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन किया है। इसके बाद ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टलों में दर्ज किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से भी दैनिक व्यवहार और बोलचाल में गांव के नए नाम का इस्तेमाल करने की अपील की।
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों की मांग और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा, राज्यपाल की स्वीकृति और राजपत्र में प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी हुई।
विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा
नाम परिवर्तन की खुशी के मौके पर उप मुख्यमंत्री ने गांव में सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी दस्तावेजों में नाम बदलवाने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया कराई जाएगी।
गांव की पहचान से जुड़ी हैं जनभावनाएं
विजय शर्मा ने कहा कि गांवों के नाम केवल किसी स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनसे स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि ‘चंदनपुर’ नाम मिलना ग्रामवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और भावना के सम्मान का प्रतीक है। नए नाम के साथ गांव की स्थानीय पहचान को आगे बढ़ाने की बात भी कही गई।







