पुलिस ने किया अपहरण का केस दर्ज
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र से एक अधिवक्ता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। ग्राम सांकर निवासी और वर्तमान में खिसोरा निवासी अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय पिता स्व त्रिभुवन पांडेय 56 वर्ष 20 सितंबर की सुबह घर से पैदल निकले थे। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने इसकी शिकायत अकलतरा पुलिस से की है। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार संतोष कुमार पांडेय 20 सितंबर की सुबह 9.15 बजे घर से पैदल निकले थे। इसके बाद घर नहीं लौटे परिजनों और परिचितों द्वारा अपने स्तर पर काफी तलाश किए जाने के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। संतोष पांडेय पेशे से अधिवक्ता हैं। उनके इस तरह अचानक लापता होने से पत्नी संध्या पांडेय समेत पूरा परिवार चिंतित है। पत्नी और परिजनों ने उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द संतोष पांडेय की तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा लापता अधिवक्ता के संबंध में संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाने के साथ ही मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।







