चांपा। चांपा थाने में पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की लिखित आश्वासन के बाद शव का अंतिम संस्कार हुआ, वहीं मामले में थाना प्रभारी व एएसआई को लाइन अटैच किया गया है।
स्थानीय थाने में पुलिस अभिरक्षा में मेहंदीपारा निवासी युवक शिव सहीस की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय -कुमार पांडेय ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निरीक्षक अशोक वैष्णव एवं सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर को लाइन अटैच कर दिया हैं। अब सारागांव थाना प्रभारी कमलेश शेंडे चाम्पा के नये थानेदार होंगे।
उल्लेखनीय है कि मेहंदीपारा निवासी शिव सहीस की 10 सितम्बर को कथित रूप से पुलिस अभिरक्षा में तबियत बिगड़ऩे के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने क्षेत्र के लोगों सहित थाने का कर दिया था। इस मामले में पीड़ित परिवार को प्रतिमाह 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के लिखित आश्वासन पर सहमति बनी, इसके बाद दूसरे दिन शुक्रवार को शव का अंतिम संस्कार हुआ।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मुताबिक मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने का जो निर्णय लिया गया है, वह नशामुक्ति की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि पुलिस बीते डेढ़ सालों से नशामुक्ति पर काम कर रही है। लोगों को प्रेरित करके नशे का कारोबार छोड़ने व स्व रोजगार से जोड़ने अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत चांपा थाने में भी कार्रवाई हुई थी। शिव कुमार सहिस महुआ शराब बेचने का काम करता था। उसे 20 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया था। दुर्भाग्य से यह घटना हो गई। उसके पांच छोटे-छोटे बच्चे है, ऐसे में पूरी संवेदनशीलता के साथ आर्थिक मदद करने का निर्णय लिया गया है। इसमें संस्थागत सहयोग भी प्राप्त होगा। साथ ही शिव कुमार के परिवार समेत मोहल्ले में भी अवैध शराब बिक्री का काम नहीं होगा। उन्हें भी स्व रोजगार से जोड़ने की दिशा में पहल की जाएगी।







