Home » देवरी-चिचोली में हादसा: हसदेव नदी में बहे तीन छात्र, एक का शव मिला, दो की तलाश जारी
छत्तीसगढ़

देवरी-चिचोली में हादसा: हसदेव नदी में बहे तीन छात्र, एक का शव मिला, दो की तलाश जारी

जांजगीर-चांपा। जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र स्थित देवरी-चिचोली पिकनिक स्पॉट पर शुक्रवार को हसदेव नदी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद लापता तीन छात्रों में से एक का शव शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। शव मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र से चौकसे कॉलेज के 4 युवक और 4 युवतियां कार में सवार होकर देवरी-चिचोली पिकनिक मनाने पहुंचे थे। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे जब सभी छात्र हसदेव नदी में नहा रहे थे, तभी नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से मुरारी साहू, पवन कुमार और सचिन सिंह बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, नगर सेना और एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रातभर और सुबह चले सर्च ऑपरेशन के बाद पवन कुमार का शव बरामद कर लिया गया, जबकि मुरारी साहू और सचिन सिंह की तलाश अभी भी युद्धस्तर पर जारी है।

इस दुखद घटना ने एक बार फिर जिले के प्रमुख पिकनिक स्थलों और नदी क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों व चेतावनियों की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Search