Home » आदमखोर बाघिन को किया गया ट्रेंकुलाइज, इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में हुई मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच
देश

आदमखोर बाघिन को किया गया ट्रेंकुलाइज, इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में हुई मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के कई इलाकों में बीते कुछ समय से एक बाघिन ने आतंक मचा रखा था। इस बाघिन ने 3 लोगों को भी मौत के घाट भी उतार दिया था। हालांकि, अब इस आदमखोर बाघिन का आतंक खत्म हो गया है।  सामने आई जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने जाल बिछाकर बाघिन को पकड़ लिया। हालांकि, इस दौरान एक हैरान करने वाली घटना देखने को मिली। बाघिन को जब ट्रेंकुलाइज करके इलाज के लिए ले जाया जा रहा था तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

कैसे हुई बाघिन की मौत? :  महाराष्ट्र के अमरावती में इस उग्र बाघिन को पकड़ने के लिए वन विभाग ने चंद्रपुर, नागपुर, पुणे और अमरावती से टीम मंगवाई थी। सोनोरी ग्राम के खेत के पास पुणे के रिस्क एरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य पशु चिकित्सक डॉक्टर हेमराज ने बाघिन को डार्ट से बेहोश किया था। इसके बाद उस पर ड्रोन से निगरानी रखी गई। कुछ देर बाद बाघिन घटनास्थल से लगभग 1 किलोमीटर दूर नाले में बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। बाघिन को परतवाड़ा सेंटर ले जाते वक्त मोर्शी के स्कूल में ऑक्सीजन दिया गया। हालांकि, इसी बीच उसकी मौत हो गई। इस घटना से हर कोई हैरान हो गया है।

वन विभाग ने जांच शुरू की :  अमरावती में पकड़े जाने के बाद बाघिन की मौत को लेकर वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि बाघिन की मौत का कारण बेहोशी की दवा कि अत्यधिक खुराक थी या कोई अन्य वजह थी। अमरावती के उप वनरक्षक का कहना है कि बाघिन की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा।

Search