Home » मटकी बांधने स्वागत गेट पर चढ़ने वाले युवक की मौत, हाईवोल्टेज तार की चपेट में आया था
छत्तीसगढ़

मटकी बांधने स्वागत गेट पर चढ़ने वाले युवक की मौत, हाईवोल्टेज तार की चपेट में आया था

बिलासपुर। जन्माष्टमी की तैयारी के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया था। राजीव गांधी चौक जरहाभाठा में मटकी बांधने के लिए स्वागत गेट पर चढ़कर 19 वर्षीय युवक चढ़ा हुआ था। इसी दौरान हाईवोल्टेज तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। दो दिन तक जिंदगी और मौतसे जूझने के बाद शनिवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान रेहान खान 19 वर्ष पिता स्वर्गीय कल्लू खान निवासी कुम्हारपारा राजीव गांधी चौक जरहाभाठा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी पर्व को लेकर राजीव गांधी चौक के पास स्वागत द्वार के ऊपर चढ़कर रेहान मटका बांधने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उपर से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोगों ने रेहान को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज चल रहा था। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। शनिवार तड़के करीब 3.50 बजे रेहान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 19 साल की उम्र में इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जन्माष्टमी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने बिजली लाइनों के आसपास उत्सव की सजावट और ऊंचे स्थानों पर काम करते समय सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थतियों की जांच कर रही है।

Search