तेहरान का पलटवार शुरू
तेहरान। ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्माेजगान में एक शादी समारोह पर अमेरिकी मिसाइल हमले में चार लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। ईरानी रेड क्रिसेंट ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
रेड क्रिसेंट के अनुसार, सिरिक काउंटी के कुहेस्तक शहर में एक आवासीय घर पर अमेरिकी मिसाइल हमले के बाद शेल के टुकड़े गिरे, जहां शादी का जश्न चल रहा था। इसमें एक छोटे बच्चे सहित चार लोगों की मौत हुई और 50 से अधिक घायल हुए।
पहले होर्माेजगान प्रांत के उप-गवर्नर अहमद नफीसी ने राज्य टीवी पर दो मौतों और कई घायलों की बात कही थी। सिरिक काउंटी होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित है। इसी बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने आधिकारिक बयान में कहा कि अमेरिकी बलों ने 1 सितंबर को ईरानी सैन्य ठिकानों के खिलाफ हमलों की लहर सफलतापूर्वक पूरी कर ली।
सेंटकॉम के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के एयर डिफेंस साइट्स, रडार सिस्टम, समुद्री संपत्तियां, माइन बिछाने की क्षमताएं और संचार केंद्रों को निशाना बनाया गया। ये हमले हाल में आईआरजीसी द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजरानी और अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ कथित हमलों के प्रयासों के बाद किए गए। सेंटकॉम ने बताया कि मध्य पूर्व में 50,000 से अधिक अमेरिकी सैनिक तैनात हैं और वे सतर्क हैं।







