Home » पुलिस पर पथराव मामले में मास्टरमाइंड लेखपाल सहित सात आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश

पुलिस पर पथराव मामले में मास्टरमाइंड लेखपाल सहित सात आरोपी गिरफ्तार

कानपुर।  चकेरी एयरपोर्ट के पास रविवार शाम पुलिस पर हुए पथराव मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। अहिरवां चौकी इंचार्ज जयवीर सिंह की शिकायत पर चकेरी पुलिस ने 22 नामजद सहित 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

पुलिस ने लेखपाल अंबुज निषाद सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि लेखपाल ने ही मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस पर पथराव के लिए उकसाया था। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में लेखपाल अंबुज निषाद के अलावा सौरभ कुमार, कैलाश, दीपू, लवकुश, शांति और गीता शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में 22 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से 15 नामजद आरोपी अभी फरार हैं। इसके अलावा 40 अज्ञात आरोपियों की भी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

थानाप्रभारी पर सरिया से किया था हमला :  पुलिस के मुताबिक पथराव के दौरान चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र पर भी हमला किया गया था। आरोप है कि भीड़ में शामिल एक आरोपी ने उनके सिर पर सरिया से वार कर दिया था। घटना में पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई थीं। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।

 

लेखपाल पर उकसाने का आरोप:  पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लेखपाल अंबुज निषाद की भूमिका सामने आई है और आरोप है कि उसने लोगों को पुलिस के खिलाफ भड़काया तथा पथराव के लिए उकसाया। पुलिस उसके संबंध में तैनाती और अन्य जानकारी भी जुटा रही है। बताया गया कि वह पहले बिल्हौर में तैनात था, हालांकि वर्तमान तैनाती की पुष्टि नहीं हो सकी है।

फरार आरोपियों की तलाश में दबिश :  थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। फरार नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Search