9एमएम पिस्तौल और कारतूस बरामद
उत्तर प्रदेश। हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो शूटर्स सुमित और मोहित को मार गिराया है। यह मुठभेड़ सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई।
शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, 26 तारीख को कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक जिम के पास अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद जिले में हाई अलर्ट जारी कर देर रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बागपत नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर औद्योगिक क्षेत्र में उन्हें घेर लिया, जहां जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय दोनों ने दम तोड़ दिया।
मुठभेड़ स्थल से हथियार और कारतूस जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो 9एमएम पिस्तौल, एक .32 कैलिबर पिस्तौल, 26 जिंदा कारतूस और 15 खोखे बरामद किए हैं। शुरुआती पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस का दावा है कि बदमाशों को हरियाणा के कुख्यात अपराधी राहुल ने पैसे और हथियार मुहैया कराकर हत्या के लिए भेजा था।
अन्य दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी
मामले की जांच में जुटी यूपी पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने हरियाणा के हिसार और रोहतक निवासी 4 संदिग्ध शूटर्स की पहचान की थी। दो शूटर्स के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद, अब पुलिस और एसटीएफ की टीमें फरार दो अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा और दिल्ली के विभिन्न ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।







