Home » झमाझम बारिश से शहर की रफ्तार पर ब्रेक, सड़कें बनी तालाब, सफाई ठेकेदारों की ‘मौज’!
कोरबा छत्तीसगढ़

झमाझम बारिश से शहर की रफ्तार पर ब्रेक, सड़कें बनी तालाब, सफाई ठेकेदारों की ‘मौज’!

कोरबा। शनिवार को आसमान से बरसी आफत ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। झमाझम बारिश ने सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया और कई इलाकों में आवाजाही मुश्किल हो गई। नालियां उफनती रहीं, पानी सड़कों पर बहता रहा और शहर की सफाई व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुलकर सामने आ गई।

बारिश के पानी ने जैसे ही सड़कों पर डेरा डाला, वैसे ही सफाई व्यवस्था के दावों की भी कलई उतरती नजर आई। जगह-जगह कचरा, जाम नालियां और जलभराव ने शहरवासियों की परेशानी बढ़ा दी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि हर महीने सफाई के नाम पर लाखों-करोड़ों का भुगतान होने के बावजूद बारिश में शहर का यह हाल क्यों है? क्या सफाई सिर्फ कागजों और बिलों तक सीमित है? अगर नालियों की नियमित सफाई होती है तो तेज बारिश में ही पानी सड़क पर क्यों उतर आता है?

शहर में चर्चा है कि बारिश आम जनता के लिए आफत बनी है, लेकिन सफाई ठेकेदारों के लिए यही बारिश ‘मौसम-ए-मौज’ साबित हो रही है। काम जमीन पर कितना हुआ और कागजों में कितना, इसका हिसाब आखिर कौन लेगा?

अब निगाहें निगम प्रशासन पर हैं। देखना होगा कि जलभराव और बदहाल सफाई व्यवस्था पर सिर्फ निरीक्षण और फोटो खिंचवाने तक कार्रवाई होती है या फिर जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों से वास्तव में जवाब भी मांगा जाता है। बारिश ने शहर को जरूर भिगोया है, लेकिन सवालों की बौछार अब नगर निगम पर हो रही है।

Search

Archives