सूरजपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के नवगई चौक के पास मंगलवार को एक युवक 33 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर बैठा देखकर ग्रामीण हक्के बक्के रह गए। फिर चला समझाइश का दौर चला। युवक को टावर पर बैठा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घंटों तक चले घटनाक्रम के बाद युवक खुद सुरक्षित नीचे उतर आया।
युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। वह अचानक बिजली के टावर पर चढ़ गया और काफी देर तक ऊपर ही बैठा रहा। हाईटेंशन तारों के बेहद करीब होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में अनहोनी की आशंका बनी रही।
काम कर गई लोगों की समझाइश
युवक को टावर पर चढ़ा देखकर स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह घंटों तक टावर पर ही बैठा रहा। घटना की जानकारी बिजली विभाग और पुलिस को भी दी गई।
काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद युवक ने खुद ही टावर से नीचे उतरना शुरू किया। उसके सुरक्षित जमीन पर पहुंचते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।







