Home » सिद्धार्थ और तमन्ना की ‘द ववान’ का रहस्य गहराया, नए पोस्टरों ने बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता
मनोरंजन

सिद्धार्थ और तमन्ना की ‘द ववान’ का रहस्य गहराया, नए पोस्टरों ने बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द ववान’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और बढ़ गया है। फिल्म के निर्माताओं ने सोमवार को इसके नए पोस्टर जारी कर दिए हैं, जिनमें एक ओर सिद्धार्थ मल्होत्रा रहस्यमय दुनिया की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं, वहीं दूसरे पोस्टर में एक योद्धा का रोमांचक रूप नजर आ रहा है। लोककथा और फैंटेसी की पृष्ठभूमि पर तैयार की गई यह फिल्म अपनी कहानी, रहस्यमय वातावरण और दृश्यात्मक प्रस्तुति के कारण रिलीज से पहले ही चर्चा में है। फिल्म का टीजर मंगलवार को जारी किया जाएगा, जबकि यह 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

‘द ववान’ को लेकर जारी किए गए नए पोस्टरों ने फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। पोस्टरों में दिखाई देने वाला रहस्यमय संसार इस बात का संकेत देता है कि फिल्म में सामान्य रोमांच के साथ भारतीय लोककथाओं, प्राचीन मान्यताओं और रहस्यमय घटनाओं का मेल देखने को मिलेगा। निर्माताओं की ओर से फिल्म को ‘फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ के रूप में पेश किया जा रहा है। फिल्म की कहानी मध्य भारत के घने जंगलों की पृष्ठभूमि में बुनी गई है, जहां प्राचीन किंवदंतियों, रहस्यमय मंदिरों और रोमांच से भरी दुनिया दर्शकों के सामने आएगी।

फिल्म के नए पोस्टर में सिद्धार्थ मल्होत्रा का किरदार एक अनजानी और रहस्यमय दुनिया में प्रवेश करता दिखाई देता है। उनका लुक फिल्म की कहानी में मौजूद रोमांच और रहस्य की ओर इशारा करता है। दूसरे पोस्टर में एक योद्धा का शानदार रूप सामने आया है, जिससे फिल्म में संघर्ष और साहस की अहम भूमिका होने के संकेत मिलते हैं। हालांकि निर्माताओं ने कहानी के महत्वपूर्ण हिस्सों को फिलहाल पर्दे के पीछे रखा है, लेकिन पोस्टरों ने फिल्म की दुनिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘द ववान’ का लेखन अरुणाभ कुमार ने किया है और इसका निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। फिल्म के छायांकन और दृश्यात्मक प्रस्तुति की जिम्मेदारी मनु आनंद के पास है, जो फिल्म के दृश्य संसार को खास बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। निर्माताओं के अनुसार फिल्म को वास्तविक जंगलों में शूट किया गया है। ऐसे में दर्शकों को कृत्रिम सेट के बजाय वास्तविक प्राकृतिक वातावरण में फिल्माए गए जंगल, मंदिर और रोमांचक दृश्य देखने को मिल सकते हैं।

फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है। निर्माताओं ने फिल्म को केवल पारंपरिक फैंटेसी कहानी के रूप में नहीं बल्कि भारतीय लोककथाओं और प्राकृतिक परिवेश से जुड़ी एक बड़े स्तर की सिनेमाई यात्रा के रूप में तैयार किया है। फिल्म की कहानी में प्राचीन रहस्यों और आधुनिक रोमांच का मेल देखने को मिलने की उम्मीद है।

द ववान’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार इस तरह की लोककथा- आधारित फैंटेसी दुनिया में साथ दिखाई देंगे. दोनों कलाकारों की जोड़ी को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है। फिल्म से सामने आई एक पर्दे के पीछे की तस्वीर में दोनों की केमिस्ट्री की झलक पहले ही देखने को मिल चुकी है। तस्वीर में तमन्ना स्कूटर पर बैठी दिखाई दी थीं और उनके चेहरे पर मुस्कान थी, जबकि सिद्धार्थ उन्हें देखते नजर आए। इस तस्वीर ने फिल्म में दोनों के बीच दिखाई जाने वाली कहानी और रिश्ते को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाई थी।

Search

Archives