कोरबा। दादर क्षेत्र में सांप के काटने का एक मामला सामने आया है, जहां झाड़ी सफाई कर रहे रामदयाल को एक जहरीले कोबरा ने डस लिया। घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। पीड़ित रामदयाल ने बताया कि वह झाड़ियों की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान जमीन में बने एक बिल के पास पहुंचते ही अचानक कोबरा निकला और उन्हें डसकर वापस बिल में घुस गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने सटीक इलाज के लिए सांप की पहचान जरूरी बताई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर स्नेक कैचर टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब आधे से एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सावधानीपूर्वक खुदाई के बाद बिल में छिपे कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला और पहचान के लिए अस्पताल लेकर आई।
पहचान के बाद शुरू हुआ इलाज : अस्पताल में सांप की पहचान कोबरा के रूप में होने के बाद डॉक्टरों ने बिना देरी किए रामदयाल का एंटी-वेनम उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल रामदयाल की हालत स्थिर है और वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं। रेस्क्यू किए गए कोबरा को सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ने की तैयारी की जा रही है।
सावधानी बरतने की सलाह : मानसून और बारिश के मौसम में सांपों के बिलों से बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग अपने घर और आसपास कचरे व झाड़ियों की नियमित सफाई रखें। यदि कहीं सांप दिखाई दे, तो उसे खुद पकड़ने का जोखिम न उठाएं और तुरंत विशेषज्ञ या स्नेक कैचर टीम को सूचित करें।







