नई दिल्ली। खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। खालिस्तान समर्थक आतंकवादी परमजीत सिंह पम्मा के साथ बातचीत के एक लीक ऑडियो में, गैंगस्टर गोल्डी बरार ने जून 2023 में कनाडा में आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की है।
बराड़ ने कहा कि निज्जर, को ड्रग तस्करी और नशीली दवाओं के इस्तेमाल को बढ़ावा देने में शामिल होने के कारण निशाना बनाया गया था। खुफिया सूत्रों ने पुष्टि की है कि ऑडियो में आवाज बराड़ की ही थी। भारत में कई हत्याओं, जिनमें गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या भी शामिल है, के लिए वांछित बराड़ को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि निज्जर द्वारा किशोंरों के बीच ड्रग्स को बढ़ावा देने से वह नाराज था।
यह बात ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के दौरान सामने आई, जो अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट के खिलाफ अमेरिका और कनाडा की कानून प्रवर्तन एजेंसियों का एक संयुक्त अभियान था। जांच में बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई को निज्जर की हत्या की साजिश रचने का दोषी ठहराया गया था, जिससे इस हाई-प्रोफाइल हत्या को राज्य-प्रायोजित हत्या के बजाय गैंगवार से जुड़ी हत्या के तौर पर देखा गया।







